लोहाघाट (चंपावत)। श्रीराम सेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी की पहल पर रामलीला के अंतिम दिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें रूमझूमा के कलाकारों समेत नगर क्षेत्र के अन्य कलाकारों ने प्रस्तुत बेहतरीन कार्यक्रमों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
रूमझूमा के निदेशक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जीवन मेहता के निर्देशन में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने ईश वंदना से कार्यक्रमों की शुरुआत की।
डांस मास्टर डब्बू डांसर के नेतृत्व में श्याम तेरी बंशी पुकारे राधा नाम, लोग करे मीरा को यूं ही बदनाम की सुंदर प्रस्तुति दी। सेरा गांव की बांन माया रे, ज्योति बिष्ट का एकल नृत्य, मेघा चौबे के जग घूमिया थारो जैसो न कोई, जैसी तू है वैसी रहना, केतन राय एंड ग्रुप की ओर से प्रस्तुत गीत दर्शकों ने खूब सराहा। सांस्कृतिक संध्या में तीन तिलंगे नाम से प्रसिद्ध हास्य कलाकार विजय राय, मुकेश साह, गिरीश राय के कुमाऊंनी में प्रस्तुत हास्य नाटक ने दर्शकों को लोटपोट कर दिया।
इस दौरान नवीन बोहरा, क्षितिज जुकरिया दिशा निर्देशन में बाल कलाकारों ने रावण, वाणासुर संवाद, राम सीता संवाद, बाली सुग्रीव युद्ध, लक्ष्मण मेघनाद संवाद आदि का मनमोहक प्रस्तुति दी। अध्यक्ष मेहता ने कहा कि आने वाले समय में वह बाल कलाकारों को लेकर रामलीला का आयोजन करेंगे। इस दौरान आनंद पुजारी, जीवन गहतोड़ी, ईश्वरी साह, अमित साह, दीपक सुतेड़ी, अर्जुन ढेक, विपिन वर्मा आदि थे।