चंपावत। जिला मुख्यालय के बालेश्वर मंदिर परिसर में मां नंदा-सुनंदा महोत्सव जारी है। शनिवार को नगर क्षेत्र में महिलाओं और स्कूली बच्चों ने झांकी निकाली। झांकी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को सम्मानित किया गया।
महोत्सव समिति अध्यक्ष विजय वर्मा की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने झांकी को हरी झंडी दिखाई। मंडलों का पूजन, रुद्राभिषेक, हनुमान पूजन के बाद शाम चार बजे कदली वृक्ष आमंत्रण के लिए यात्रा प्रस्थान कार्यक्रम हुआ।
समिति अध्यक्ष ने बताया कि स्कूली बच्चों ने नगर में झांकी निकाली। इसमें कूर्मांचल ऐंग्लो संस्कृत, मल्लिकार्जुन, जीजीआईसी, विवेकानंद विद्या मंदिर, सरस्वती शिशु मंदिर, न्यू बियर शिवा, इंडस नेशनल स्कूल, हैप्पी वैली स्कूल, एशियन ऐकेडमी, यूसीएससी, एबीसी अल्मामेटर आदि स्कूलों ने प्रतिभाग किया।
स्कूली बच्चों ने बाजार क्षेत्र में कार्यक्रम किए। इसमें मल्लिकार्जुन स्कूल प्रथम, एबीसी अल्मामेटर द्वितीय और सनसाइन पब्लिक स्कूल तृतीय रहे। उन्हें पुरस्कृत किया गया। निर्णायक नवीन चंद्र पंत, कमलेश शक्टा, रविशंकर जोशी, नेहा सामंत रहे। बताया कि 31 अगस्त को सुबह छह बजे कदली वृक्ष आगमन, मां नंदा-सुनंदा प्रतिमा निमार्ण और प्राण प्रतिष्ठा, मां नंदा-सुनंदा विशेष पूजन और मध्य रात्रि तंत्रोक्त पूजन और भोग किया जाएगा। इस दौरान दायित्व श्याम नारायण पांडेय, ब्लाक प्रमुख अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, महंत पवन गिरी, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, शंकर पांडेय, गौरव पांडेय, रवि पटवा, सनी वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।