भारतीय स्टेट बैंक की चंपावत शाखा को एसबीआई की रानीखेत शाखा से 30 करोड़ रुपये मिलेंगे। नकदी लेने के लिए यहां से टीम रवाना हो गई है। धनराशि लेने रानीखेत गई टीम की बृहस्पतिवार देर रात तक यहां पहुंचने की उम्मीद है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि ये धनराशि एक पखवाड़े तक पर्याप्त होगी। वैसे बैंक इससे पूर्व रिजर्व बैंक से कई बार दो सौ करोड़ रुपये की मांग कर चुक है।
एसबीआई की चंपावत शाखा के उप प्रबंधक निर्मल भट्ट ने बताया कि नकदी संकट के बीच कुछ राहत मिली है। चंपावत को रानीखेत की एसबीआई शाखा से 30 करोड़ रुपये मिलेंगे। टीम रकम लेने यहां से रानीखेत रवाना हो गई है। उन्होंने बताया कि इस रकम से एक पखवाड़े तक फिलहाल राहत मिल सकेगी। उप प्रबंधक ने बताया कि रिजर्व बैंक से कई बार दो सौ करोड़ रुपये की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को बैंक में 53 लाख रुपये की निकासी हुई। जबकि ग्राहकों ने 30 लाख रुपये जमा किए।
उन्होंने बताया कि एसबीआई के एसएसबी, कोतवाली, कलक्ट्रेट और मुख्य एटीएम में 40 लाख रुपये डाले गए हैं। बताया कि बैंक के पास वर्तमान में दो करोड़ रुपये ही शेष बचे हैं। कहा कि रानीखेत से मिलने वाली रकम की शुक्रवार को गिनती होगी। जबकि शनिवार से धनराशि का वितरण किया जाएगा।