चंपावत मुख्यालय में भाजपा के विरोध में सत्याग्रह में बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : चंपावत मुख्यालय में भाजपा के विरोध में सत्याग्रह में बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता।
चंपावत। जिला मुख्यालय में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के नेतृत्व में राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने का विरोध किया। साथ ही भाजपा की बुद्धि शुद्धि के लिए महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सत्याग्रह किया।
पूर्व विधायक खर्कवाल ने कहा भाजपा सत्ता के नशे में चूर होकर इस प्रकार के कदम उठा रही है। भाजपा ने साजिश के तहत राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त कराई है। पार्टी भाजपा की साजिश को कामयाब नहीं होने देगी और अदालत के इस फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा भाजपा की बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है, भाजपा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से बुरी तरह घबरा चुकी है इस कारण इस प्रकार के फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की इन करतूतों को जन-जन तक पहुंचाएंगे, 2024 लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को अवश्य सबक सिखाएगी। सत्याग्रह के दौरान यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद बडोला, कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जगदीश पांडेय, पूर्व प्रमुख भगीरथ भट्ट, विवेक जोशी, एडवोकेट श्याम सिंह कार्की, प्रताप महराना, जगत सिंह महर, विपिन जोशी, भुवन चौबे, गोलू गंगोला, करन सिंह, चिराग, सूरज मिश्रा आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।