चंपावत। विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर शुक्रवार को किशोरी, बालिकाओं और महिलाओं के लिए रियायती दरों पर स्पर्श सैनिटरी नैपकिन बांटे गए। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रेखा आर्या ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ ऑनलाइन किया।
वर्चुअल संवाद में उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत एक रुपये में सैनिटरी नैपकिन और छह रुपये में पूरा पैकेट मिलेगा। उन्होंने कहा कि ज्यादातर महिलाएं माहवारी के बारे में खुलकर बात नहीं करतीं और न ही इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक होती हैं। इस दौरान डीएम आनंद स्वरूप ने पिथौरागढ़ में 12 किशोरियों को स्पर्श सैनिटरी नैपकिन, सैनिटाइजर बांटा। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, दीपा वर्मा, राजकुमार भंडारी आदि रहीं।
राज्यपाल ने चंपावत में कहा कि सरकार का यह कदम उन महिलाओं के लिए लाभदायक होगा जो पैसों की कमी के कारण सैनिटरी नैपकिन नहीं खरीद पाती हैं। कार्यक्रम के दौरान सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, डीपीओ पीएस बृजवाल, पुष्पा चौधरी आदि मौजूद रहीं। (संवाद)