चंपावत। होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने चंपावत बाजार में मिठाइयों और किराना दुकानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान चार खाद्य पदार्थ संदिग्ध पाए जाने पर उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी और सहायक दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में शनिवार को बाजार में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने विशेष रूप से गुजिया, मैदा और सरसों के तेल जैसे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची। निरीक्षण के दौरान संदिग्ध पाए गए चार नमूने एकत्र कर उन्हें जांच के लिए राजकीय लैब रुद्रपुर भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इन नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। व्यापारियों और खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए कि वह केवल गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री ही ग्राहकों को उपलब्ध कराएं। एक्सपायरी डेट वाली वस्तुओं के संबंध में विशेष सावधानी बरतने और उन्हें तुरंत स्टॉक से हटाने की चेतावनी भी दी गई।