लोहाघाट (चंपावत)। भारी बारिश से बाराकोट ब्लाक के सलना-इजड़ा पेयजल योजना ध्वस्त होने से कई गांवों में गंभीर पेयजल संकट पैदा हो गया है। पांच दिनों से गांवों में पेयजल आपूर्ति न होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल संस्थान से जल्द क्षतिग्रस्त पेयजल योजना को ठीक करने की मांग उठाई।
ग्रामीण जगदीश चंद्र, प्रकाश चंद्र आदि ने बताया कि सलना से आने वाली पेयजल लाइन टूटने से नौमाना, कनियाना, इजड़ा, चौंरा, देगांव, लोहाश्री, बसोड़ी आदि क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, गुमदेश क्षेत्र के किमतोली के पेयजल श्रोत में मलबा आने से पेयजल लाइन ध्वस्त हो गई। ग्रामीणों ने कहा कि बीते दिनों आई आपदा से किमतोली के लिए बनी पेयजल लाइन ध्वस्त हो गई है। पंचेश्वर मार्ग पर लगा हैंडपंप मलबे में दब गया है। माधो सिंह, खड़क सिंह, दीवान सिंह, योगेश सिंह, राधा देवी ने जल संस्थान से जल्द पेयजल योजना को ठीक करने की मांग उठाई। संवाद