ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों ने खोला मोर्चा
- फोटो : अमर उजाला
द्वाराहाट ब्लॉक में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कमला परिहार को उत्पीड़ित कर उसे आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोपी बीडीओ को अब तक गिरफ्तार नहीं किए जाने के विरोध में चंपावत और बाराकोट के सभी ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों ने नारेबाजी कर आक्रोश जताया। साथ ही डीपीआरओ कार्यालय में धरना दिया। सभी ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों ने खंड विकास अधिकारी के स्थान पर उन्हें सीधे डीपीआरओ के अधीन करने की मांग की। डीपीआरओ कार्यालय में उमेद राम जौला और एलएम पांडेय के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन करने वालों में बीसी पनेरू, भुवन चंद्र पांडेय, सार्दुल तड़ागी, अशोक बिष्ट, कौशल पांडेय, संजय कुमार, राकेश नाथ आदि शामिल रहे।
बाराकोट में धरना स्थल पर हुई बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष एलएम पांडेय ने कहा कि जब तक पीड़ित कमला परिहार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे। इस संबंध में प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा भी संघर्ष किया जा रहा है। ब्लॉक अध्यक्ष ने भावी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि छह अप्रैल को भी ब्लॉक मुख्यालय में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करने के बाद सात, आठ अप्रैल को ब्लॉक और जिला स्तर पर कार्यबहिष्कार कर 11 से 16 अप्रैल तक डीपीआरओ कार्यालय में तालाबंदी और धरना दिया जाएगा। धरना देने वालों में संजय कुमार, राकेश नाथ, विवेक वर्मा, रविंद्र गोस्वामी, मदन मोहन, अनिरुद्ध पुनेठा, सचिन उपाध्याय शामिल थे।