जिला मुख्यालय में लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर देश की एकता एवं अखंडता का संदेश लिए राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन किया गया। प्रदेश की बाल विकास, पशुपालन, महिला कल्याण राज्यमंत्री और जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।
जीआईसी से गोरलचौड़ मैदान तक हुई दौड़ में प्रभारी मंत्री ने डीएम डॉ. अहमद इकबाल, पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु, जिला स्तरीय अधिकारियों और स्कूली बच्चों के साथ प्रतिभाग किया।
गोरलचौड़ मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने सरदार पटेल के आदर्शों, उनकी शिक्षाओं एवं उनके जीवन से प्रेरणा लेेने का आह्वान किया।
इस मौके पर लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी एसएस बिष्ट, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी हेमेंद्र प्रकाश गंगवार, परियोजना निदेशक एचजी भट्ट, जिला विकास अधिकारी आरसी तिवारी के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष रामदत्त जोशी, श्यामनारायण पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
बनबसा में एनएचपीसी के महाप्रबंधक रईस मियां ने शपथ दिलाकर दौड़ का शुभारंभ कराया। शाम के समय सीआईएसएफ कर्मियों और केवि क्रमांक दो के बच्चों ने परेड का आयोजन किया। डिग्री कॉलेज, जीजीआईसी, केवि क्रमांक एक और दो, शारदा इंटर कॉलेज, पूर्णागिरि इंटर कॉलेज में भी एकता दौड़ आयोजित हुई। एसएसबी 57वीं वाहिनी की धनुषपुल स्थित डी कंपनी के जवानों ने सतर्कता जागरूकता की शपथ ली। कंपनी प्रभारी एसआई रविंद्र कुमार ने जवानों को शपथ दिलाई।
दिव्यांगों को बांटी ट्राई साइकिलें, कृत्रिम अंग
चंपावत। जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को मॉर्डन इंटर कॉलेज में मिजिल्स रुबेला टीकाकरण अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से देश के नौनिहालों की जीवन सुरक्षा के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने को कहा।
उन्होंने वन पंचायत सभागार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की एडिप योजना के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए। दिव्यांगजनों को चार ट्राई साइकिलें, दो व्हील चेयर, सात लाठी, दस सुनने की मशीनें आदि वितरित की गई।
निबंध में मनोज ने बाजी मारी
चंपावत। यहां जीआईसी में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय एकता में सरदार बल्लभ भाई पटेल का योगदान विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके सीनियर वर्ग में मनोज सिंह महर ने बाजी मारी, जबकि नीरज कुमार दूसरे और अभिषेक विश्वकर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कनिष्ठ वर्ग में नीरज कुमार कोहली प्रथम, कार्तिकेय सक्सेना द्वितीय और नीरज तृतीय स्थान पर रहे। प्रधानाचार्य चंद्रप्रकाश गहतोड़ी की अध्यक्षता और जगदीश जोशी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर शंकर गिरि गोस्वामी, केके उपाध्याय, मदन राम, अशोक खर्कवाल, भुवन शर्मा, रुद्र सिंह बोहरा, सीएस पुजारी, भैरव दत्त भट्ट, हीराबल्लभ पांडेय आदि मौजूद रहे।