रोशनी के पर्व दिवाली में हर तरफ उमंग, उल्लास और उत्साह रहता है। बुधवार को भी हर तरफ इस खुशी का इजहार होगा। लक्ष्मी पूजन के अलावा बच्चे आतिशबाजी करेंगे, लेकिन थोड़ी सी असावधानी भारी पड़ सकती है। आग या किसी अन्य तरह के हादसे से बचने के लिए पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता बंदोबस्त के दावे किए गए हैं। अस्पताल में निजी वार्ड से लेकर आपात चिकित्सा के एंबुलेंस को चाक-चौबंद किया गया है। यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस बल बढ़ाया गया है।
अस्पताल में पुख्ता बंदोबस्त
चंपावत जिला अस्पताल सहित जिले के प्रमुख अस्पतालों में निजी वार्ड बनाए गए हैं। आग से झुलसने सहित अन्य हादसों के इलाज के लिए सभी पुख्ता बंदोबस्त किया गया है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ.आरके जोशी ने बताया कि आग से झुलसे लोगों के उपचार के लिए ड्रेसिंग सामग्री, दवाएं और अन्य सभी जरूरी उपाय किए गए हैं। दिवाली के दिन डॉक्टरों, फार्मेसिस्ट और अन्य स्टाफ की तैनाती की गई है। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरपी खंडूरी का कहना है कि जिले के तीन प्रमुख अस्पतालों में हर तरह के आपात हालात से निपटने के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं।
फोटो 06 सीपीटी 03पी
108 सेवा और खुशियों की सवारी को भी अलर्ट
जिले में आपात चिकित्सा सेवा 108 की एंबुलेंस और खुशियों की सवारी को अलर्ट पर रखा गया है। आपात सेवा के जिला समन्वय रजत उनियाल का कहना है कि सभी पांचों एंबुलेंस और तीन खुशियों की सवारी वाहन ठीक हाल में है। इन वाहनों के कार्मिकों के अवकाश पर रोक लगाई गई है। किसी भी तरह की जरूरत होने पर ये आपात वाहन उपलब्ध रहेंगे।
जरूरी हुआ, तभी होगा रूट डायवर्ट
सुरक्षा के लिए तो पुख्ता बंदोबस्त किए ही गए हैं, यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए भी वैकल्पिक उपाय किए गए हैं। फिलहाल रूट डायवर्जन नहीं किया गया है। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल का कहना है कि लोहाघाट, चंपावत और टनकपुर में आवाजाही सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़ बढ़ने पर चंपावत में बाइपास से रूट डायवर्ट किया जा सकता है।
मुस्तैद है फायर सर्विस
जिला मुख्यालय में फायर स्टेशन नहीं है। अलबत्ता यहां आग से बचाव के लिए वैकल्पिक उपाय किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि चंपावत में फायर फाइटर की व्यवस्था की गई है।
देर तक पटाखे चलाए, तो हो सकती है कार्रवाई
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के क्रम में रात दस बजे बाद आतिशबाजी पर रोक को लागू करने के लिए पुलिस ने पर्याप्त तैयारी का दावा किया है। एसपी ने बताया कि देर तक आतिशबाजी होने या किसी तरह की शिकायत मिलने पर मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।
रोडवेज चलाएगा अतिरिक्त बस सेवा
नौ नवंबर को भैय्या दूज के बाद आवाजाही बढ़ने पर रोडवेज अतिरिक्त बसें चलाएगा। रोडवेज प्रबंधन का कहना है कि टनकपुर और लोहाघाट डिपो में यात्रियों की संख्या के हिसाब से उन रूटों पर बस सेवा बढ़ाई जाएगी।