टनकपुर (चंपावत)। बस स्टेशन से यात्री भरने को लेकर हुए विवाद में टैक्सी चालकों ने रोडवेज के एक संविदा चालक की पिटाई कर दी। घायल चालक ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
कोतवाली में दी गई तहरीर के साथ ही रोडवेज के मंडलीय प्रबंधक को दिए शिकायती पत्र में शहर के वार्ड संख्या छह निवासी रोडवेज चालक चंद्रबल्लभ जोशी ने कहा कि सोमवार सुबह करीब चार बजे कुछ टैक्सी चालक बस स्टेशन से सवारियों को ले जा रहे थे, इस कारण स्टेशन पर मौजूद बस चालकों का उनसे विवाद होता देख वह भी मौके पर पहुंचा और स्टेशन के अंदर से टैक्सी चालकों और मालिकों द्वारा सवारियां को ले जाने का विरोध किया।
आरोप लगाया कि इस पर टैक्सी चालकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मारपीट में शामिल एक टैक्सी चालक ने उसके सिर पर पत्थर मारकर लहूलुहान कर दिया। हमलावरों ने उसकी घड़ी, मोबाइल एवं पर्स भी लूट लिया गया। इधर, कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि मंगलवार को घटना की तहरीर आई है, लेकिन दोनों पक्षों में समझौते की बात चलने के कारण फिलहाल आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।