टनकपुर(चंपावत)। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने मंडलीय प्रबंधक रोडवेज मंडल को ज्ञापन भेजकर दो माह के लंबित वेतन का भुगतान करने समेत सात सूत्री मांग उठाई है। कार्रवाई न होने पर चार दिसंबर से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।
सोमवार को यूनियन के मंडल मंत्री नीरज सिंह ने ज्ञापन में कहा है कि दो माह से कर्मियों का वेतन लंबित है। पहले तो देरी से वेतन मिलता था, अब पूरे दो माह का वेतन लंबित हो चुका है। इससे कर्मियों के परिवारों के भरण पोषण में दिक्कत आने लगी है और कर्मियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने तत्काल वेतन निर्गत करने के साथ ही यूनियन के साथ वार्ता का अनुपालन करने, टिकट बैग पूर्व की भांति निगम में ही जमा कराने, मार्ग आवंटन का आदेश संगठन को उपलब्ध कराने, निगम मुख्यालय में आई बसों में 10 नई बसों की डिमांड की जाए, पुरानी बसों को उसी दिन ही मार्ग पर दोबारा नहीं भेजा जाए। इसके अलावा यूपी के साथ समझौते के विपरीत आ रही बसों पर अंकुश लगाने और मार्ग में हो रही डग्गा मारी पर भी रोक लगाई जाए। उन्होंने मांगों पर तत्काल कार्रवाई पर जोर दिया है। ज्ञापन महाप्रबंधक संचालन, तकनीकी, सीएम कैंप कार्यालय भी भेजा है।