टनकपुर/ चंपावत। दीपावली पर्व पर घर आने वाले लोगों की सुविधा के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की अतिरिक्त बसों का संचालन शुक्रवार को भी जारी रहा। दोपहर दो बजे तक टनकपुर डिपो की 105 बसों के बेड़े में 39 बसें गंतव्य को रवाना हो चुकी थीं। इनमें आठ अतिरिक्त बसें शामिल रहीं। जबकि अनेक बसें तैयार खड़ी थीं, लेकिन दोपहर यात्री इक्का दुक्का नजर आए।
बस स्टेशन के काउंटर पर तैनात कर्मी राम सूरत यादव ने बताया कि यूपी क्षेत्र में दीपावली पर्व बृहस्पतिवार को मनाया जा चुका है। बृहस्पतिवार को दिल्ली के लिए एक, रुद्रपुर पांच, काशीपुर के लिए एक अतिरिक्त बस संचालित की गई। शुक्रवार को दोपहर तक दिल्ली, काशीपुर, मुरादाबाद के लिए एक-एक बस और रुद्रपुर के लिए पांच बसें भेजी गईं। भैया दूज के बाद जाने वाली बसों में अधिक गहमा गहमी होने की संभावना है। एआरएम नरेंद्र गौतम ने बताया कि दिवाली मनाकर घर लौटने वालों के लिए अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। इसकी तैयारी पूरी है। इधर लोहाघाट और चंपावत स्टेशन में यात्रियों की भीड़ न के बराबर रही। संवाद