रोडवेज इंप्लाइज यूनियन का चरणबद्ध आंदोलन शुरू
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर (चंपावत)। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने बुधवार से चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत करते हुए पहले दिन मंडलीय प्रबंधक कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन कर धरना दिया। उन्होंने कहा कि निगम प्रबंधन और सरकार ने मांगों को स्वीकार नहीं किया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
वाह्य स्रोत चालक-परिचालक एवं अन्य कर्मचारियों को संविदा में समायोजित करने, निगम प्रबंधन के साथ पूर्व में बनी सहमति को लागू करने, यूनियन नेताओं और कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद करने की मांग को लेकर इंप्लाइज यूनियन ने बुधवार से प्रदेश भर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया है। इसी क्रम में बुधवार को यहां भी यूनियन से जुड़े रोडवेज कर्मियों ने मंडलीय प्रबंधक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर धरना दिया।
उन्होंने कहा कि समझौता वार्ता में पूर्व में बनी सहमति के बाद भी निगम प्रबंधन ने उनकी मांगों पर अमल नहीं किया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के अगले चरण में 28 नवंबर को निगम मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए रीजन से बड़ी संख्या में कर्मचारी देहरादून कूच करेंगे। धरना-प्रदर्शन में क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहनदेव भट्ट, मंत्री कमलेश द्विवेदी, उपाध्यक्ष पूरन राम, संगठन मंत्री संतोष गुप्ता, कपिल त्रिपाठी, हुकुम चंद आदि शामिल थे।