समय से वेतन का भुगतान न होने पर उत्तराखंड रोडवेज के कर्मचारी भड़क गए। उन्होंने रोडवेज कार्यालय में नारेबाजी की। रोडवेज इंप्लाइज यूनियन, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, रोडवेज कर्मचारी यूनियन के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएंगे।
रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष पूरन राम, रोडवेज कर्मचारी यूनियन के मनोज मिश्रा, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में बुधवार को रोडवेज कर्मियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं का कहना था कि जुलाई खत्म होने को है, लेकिन उन्हें जून का वेतन अब तक नहीं मिला है। इस दौरान हुई सभा में कर्मचारी नेता सूरज भान ने कहा कि नियमत: हर महीने की एक से सात तारीख तक कर्मचारियों के वेतन का भुगतान हो जाना चाहिए। इस संबंध के निगम प्रबंधन से वार्ता भी हुई थी। जिनके द्वारा समय से वेतन का भुगतान करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 26 तारीख हो जाने के बाद भी उनका वेतन नहीं आया। इस दौरान राजेंद्र सिंह फर्त्याल, राकेश शर्मा, गजेंद्र द्विवेदी, जाकिर अली, सतीश चंद्र पांडेय, कैलाश चंद्र मुरारी, भवानी राम, भुवन चंद्र त्रिपाठी सहित नियमित, संविदा और वाह्य श्रोत के रोडवेज कर्मी मौजूद थे।