लोहाघाट (चंपावत)। रोडवेज के लोहाघाट डिपो में बसों की कमी के चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डिपो में पहले 43 बसों का बेड़ा था जो घटकर अब 32 बसों का रह गया है। परिवहन निगम से कई बाद डिमांड किए जाने के बाद भी डिपो को नई बसें नहीं मिल सकीं हैं।
लोहाघाट डिपो से प्रतिदिन दिल्ली, गुरुग्राम, बरेली, काशीपुर, हल्द्वानी, नैनीताल, देहरादून, पोंटासाहिब समेत 15 रूटों पर बसों का संचालन किया जा रहा है। कुछ समय पूर्व मिलीं 12 नई बसों का संचालन केवल दिल्ली रूट पर किया जा रहा है। लोहाघाट, पाटी और बाराकोट ब्लॉक के लोगों की रोडवेज बसों पर ही निर्भरता रहती है। रोडवेज बसों में कम किराया और दिव्यांग, बुजुर्गों के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा होने के चलते बसों में सफर करना लोग अधिक पसंद करते हैं लेकिन डिपो में बसों की कमी दूर नहीं हो पा रही है।
फोटो: 23सीपीटी17पी
लोहाघाट डिपो में वर्तमान में 32 बसों का बेड़ा है जिसमें 12 नई बसें है। अन्य 20 बसें पर्वतीय क्षेत्र के अपने निर्धारित मानक पूरा करने के कगार पर पहुंच गई हैं। ये बसें पांच लाख किलोमीटर से अधिक का सफर पूरा कर चुकी हैं। निगम प्रबंधन से डिपो को 25 नई बसें उपलब्ध कराने के लिए लगातार पत्राचार किया जा रहा है। - धीरज वर्मा, एजीएम, लोहाघाट डिपो