एनएच पर बसों के जमावड़े से फैल रही अव्यवस्था में सुधार के लिए प्रशासन द्वारा कुछ बसों को कैनाल गेट तक भेजकर यात्री उतारने का व्यापारियों ने कड़ा विरोध किया है। उनका कहना है कि इस नई व्यवस्था से उनका कारोबार प्रभावित होगा।
प्रशासन ने प्रयोग के तौर पर नेपाली यात्रियों को लेकर आने वाली पांच बसों को कैनाल गेट पर यात्री उतारने की व्यवस्था लागू की है। प्रशासन का उद्देश्य गरीब नेपाली नागरिकों को तांगा चालकों की लूटपाट से बचाने के साथ ही बस अड्डे पर बसों का लोड कम करना है, लेकिन व्यापारी वर्ग प्रशासन की इस नई व्यवस्था के खिलाफ है। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री भरत भंडारी ने तांगों पर रोक लगाने की मांग करते हुए बसों को पूर्व की तरह बस अड्डे पर ही रोकने की मांग की है।
बता दें कि इन दिनों नेपाल जाने के लिए भारत के विभिन्न शहरों से आने वाले प्रवासी नेपाली बड़ी संख्या में बस अड्डे से सामान के साथ पैदल ही गड्डा चौकी (नेपाल) को रवाना हो रहे हैं।
प्रयोग के तौर पर पांच बसों को कैनाल गेट तक जाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्धन नेपाली वर्ग को लाभ पहुंचे। 70 में से 5 बसों को ही कैनाल गेट तक जाने से व्यापार प्रभावित होने की संभावना नहीं है। -एनसी दुर्गापाल, एसडीएम, टनकपुर।