लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना की दूसरी लहर के चलते बंद पड़ी बस सेवाओं का संचालन फिर से शुरू हो गया है। देहरादून के बाद दिल्ली, गुरूग्राम के लिए बसों का संचालन किया गया। शुक्रवार से सभी रूटों पर बसों का संचालन पूर्व की भांति शुरू हो जाएगा। रोडवेज बसों का संचालन शुरू होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
बृहस्पतिवार को वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी मंजुल कुमार ने दिल्ली और गुरुग्राम की बसों को रवाना किया। उन्होंने बताया कि बुधवार को देहरादून बस सेवा शुरू करने के बाद बृहस्पतिवार को दिल्ली के लिए दो और गुरुग्राम के लिए एक बस का संचालन किया गया। उन्होंने बताया कि दिल्ली की दोनों बसों में करीब 42 यात्री और गुरुग्राम के लिए 12 और देहरादून के लिए 32 सवारियों को लेकर बसें रवाना र्हुइं। एसएसआई मंजुल ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण यूपी और दिल्ली सीमाओं में बसों का संचालन बंद होने से बसों का संचालन बंद कर दिया था। दिल्ली, यूपी की सीमाएं खुलने के बाद शुक्रवार से दिल्ली, देहरादून, गुरूग्राम के अलावा काशीपुर, हल्द्वानी, नैनीताल, ऋषिकेष और बरेली आदि रूटों पर बसों का नियमित संचालन किया जाएगा।