चंपावत। रोडवेज डिपो की पुरानी बसों के खराब होने का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। आए दिन रास्ते में बस खराब होने से चालक और परिचालक की फजीहत तो होती ही है। यात्रियों का समय और धन भी बर्बाद हो रहा है। रविवार को लोहाघाट से हल्द्वानी के लिए चली बस चंपावत में खराब हो गई। दो घंटे के इंतजार के बाद कुछ यात्री दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना हुए।
जानकारी के अनुसार रोडवेज की बस यात्रियों को लेकर लोहाघाट से रवाना हुई। 13 किमी चलने के बाद करीब करीब आठ बजे बस रोडवेज स्टेशन में आकर खड़ी हो गई। इसमें नैनीताल और हल्द्वानी के 15 से अधिक यात्री सवार थे। बस चालक ने जांच की तो फैन बेल्ट टूटी मिली।
इसके बाद लोहाघाट से फैन बेल्ट मंगाई गई। फैन बेल्ट आने से पहले कुछ यात्री दूसरे वाहन से आगे के लिए रवाना हो गए। काफी इंतजार होने पर किसी यात्री ने घर से लाए नाश्ते को खाना शुरू किया तो कोई यात्री अखबार पढ़कर टाइम पास करने लगा।
करीब 9:45 बजे से हल्द्वानी डिपो की बस लोहाघाट से आई जिसमें खराब बस में बैठे कई यात्री सामान लेकर उसमें चढ़ गए। यात्री विनय आदि ने बताया कि बस ठीक होने पर इसी से नैनीताल जाएंगे।
करीब 10 बजे लोहाघाट डिपो की बस नई फैन बेल्ट लेकर पहुंची और फैन बेल्ट लगाने में करीब 10 से 15 मिनट लगे और इसके बाद बस रवाना हुई।
लोहाघाट रोडवेज डिपो की एसएसआई दीपा वर्मा ने बताया कि बसों को वर्कशॉप में जांच के बाद ही आगे के लिए भेजा जाता है।