टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि के श्रद्धालुओं के लिए मेला अवधि में ठूलीगाड़ से भी सीधे बरेली के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी गई है। फिलहाल एक बस का संचालन सीधे किया जा रहा है। बस के संचालन से श्रद्धालुओं के लिए आवाजाही आसान हो गई है।
वर्तमान में मां पूर्णागिरि मेला पूरे चरम पर है। उत्तर भारत के विभिन्न नगरों से रेल और अन्य साधनों से श्रद्धालु पड़ाव क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। रोडवेज की ओर से प्रति वर्ष मेले में बसों का संचालन किया जाता है। इस बार भी मेले में टनकपुर से ठूलीगाड़ तक एक बस संचालित की जा रही है। इसका किराया प्रति यात्री 35 रुपये निर्धारित है। अब रोडवेज की ओर से उक्त बस को ठूलीगाड़ से ही बरेली के लिए संचालित कर दिया है।
एआरएम सुरेश चंद्र पांडेय ने बताया कि फिलहाल एक बस सुबह स्टेशन से ठूलीगाड़ तक संचालित की जा रही है। इसके बाद ये बस ठूलीगाड़ से सीधे बरेली के लिए चल रही है। बताया कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। बता दें कि हर रोज सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु रेल, बसों से मां के दर्शन के लिए आते हैं।