लोहाघाट डिपो की रोडवेज बस करीब आठ किलोमीटर के फासले में दो जगह दगा दे गई। बस के खराब होने से देहरादून से लोहाघाट जा रहे यात्रियों को भारी समस्या झेलनी पड़ी। बाद में 25 यात्रियों को दूसरी बस से लोहाघाट को रवाना किया गया।
लोहाघाट डिपो की बस (यूके 07पी/ए 2812) देहरादून से लोहाघाट जा रही थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब 9 बजे यह बस चंपावत से 13 किलोमीटर पहले धौन में खराब हो गई। काफी देर तक बस की गड़बड़ी को दूर करने का प्रयास किया गया। किसी तरह बस को आगे बढ़ाया गया लेकिन आठ किलोमीटर बाद मुड़ियानी में बस फिर खराब हो गई।
कुछ देर इंतजार करने के बाद यात्रियों को दूसरी बस से लोहाघाट भेजा गया। सहायक मंडलीय प्रबंधक केएस राणा कहना है कि प्रेशर नहीं बनने से बस को चलाना कठिन हो रहा था। इस वजह से दो जगह बस खराब हुई। बाद में इसे मैकेनिक से ठीक करवाकर लोहाघाट डिपो तक पहुंचा दिया गया।
अप्रैल 2019 से अब तक में रोडवेज बस के बीच रास्ते में खराब होने की घटनाएं:
6 अप्रैल: चंपावत के खटकना पुल के पास रोडवेज बस खराब होने से घंटों परेशान रहे 45 यात्री।
12 अप्रैल: चुनाव ड्यूटी से ठुलीगाड़ वापस जा रहे एसएसबी के 22 जवानों को लेकर जा रही रोडवेज बस का गियर बॉक्स चंपावत पीजी कॉलेज के पास खराब हुआ।
15 अप्रैल: बनलेख के पास रोडवेज बस खराब होने से पांच घंटे परेशान रहे 43 यात्री।
17 अप्रैल: मुड़ियानी के पास कमानी टूटी, यात्रियों की फजीहत।
29 अप्रैल: बेलखेत और अमोड़ी में रोडवेज बस खराब हुई।
24 मई: चंपावत में खराब हुई लोहाघाट से हल्द्वानी जा रही बस, 35 यात्री परेशान रहे।
बसों की कमी से सीट के लिए मारामारी
लोहाघाट (चंपावत)। रोडवेज डिपो में बसों की कमी से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाली यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। रोडवेज डिपो की 30 बसों में से तीन बसें चारधाम यात्रा और तीन बसें खराब होने से बरेली, हल्द्वानी, देहरादून रूटों के यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। डिपो में बस आते ही सीट के लिए मारामारी मची हुई है। लोग बिना किसी परवाह के बसों की खिड़कियों से भी भीतर घुसकर सीट पाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं।
लोगों ने यात्रियों की दिक्कतों को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। इधर रोडवेज के वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी भुवन चंद्र आर्या ने बताया कि लोहाघाट डिपो की तीन बसें चार धाम यात्रा में गई हैं, जबकि तीन बसें खराब हैं। 30 बसों में से 24 बसों का ही संचालन हो रहा है। एक माह से बसों की कमी के कारण कभी बरेली, हल्द्वानी, देहरादून की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। यात्रियों की दिक्कतों को देखते हुए कुछ और बसों की व्यवस्था करने के प्रयास किए जा रहे हैं।