रोडवेज बस के इंजन में अचानक आग लगने से खड़ी हुई बस और दूसरी बस के इंतजार में खड़े यात्री।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर से झूलाघाट जा रही रोडवेज की एक बस के इंजन में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। चालक ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। बस को खड़ा कर यात्रियों को दूसरी बस में शिफ्ट गंतव्य को भेजा गया। आग लगने का कारण इंजन के तारों में स्पार्किंग होना बताया गया है।
टनकपुर डिपो की बस (यूके 07 पीए/3178) बुधवार की सुबह टनकपुर से झूलाघाट के लिए रवाना हुई। बस में 31 यात्री सवार थे। चालक शंकर राम के अनुसार बस स्टेशन में यह बस बड़ी मुश्किल से स्टार्ट हुई। इसके बाद उन्होंने वर्कशाप ले जाकर बस में आई खराबी दूर कराया। लेकिन टनकपुर से दो किमी आगे किरोड़ा पुल और ककरालीगेट के बीच में अचानक बस के इंजन में आग लग गई।
इंजन से धुआं निकलता देख यात्रियों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने ने तत्काल बस रोककर इंजन में लगी आग बुझाई। परिचालक किशन बहादुर ने बताया कि यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया। खराब बस को वर्कशाप लाकर खड़ा किया गया है।