मां पूर्णागिरि विकास संघर्ष समिति ने निर्माणाधीन घसियारा मंडी से पूर्णागिरि मार्ग को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का निर्माण जल्द पूरा करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा है।
तहसील पहुंचे समिति कार्यकर्ताओं ने एसडीएम दयानंद सरस्वती के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजे गए ज्ञापन में घसियारा मंडी से बोरागोठ को जोड़ते हुए पूर्णागिरि मार्ग तक निर्माणाधीन करीब दो किमी. लंबे संपर्क मार्ग का अधूरा छोड़ने से ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मार्ग के अधूरे निर्माण के साथ ही कई स्थानों पर नाले किनारे प्रस्तावित सुरक्षा दीवार का भी निर्माण नहीं किया गया है, जिससे नाले से उफान से सड़क कटने का अंदेशा बना हुआ है। उन्होंने कहा है कि कई बार आवाज उठाने के बाद भी कार्यदायी विभाग ने कोई कदम नहीं उठाए है। ज्ञापन देने वालों में नरेश सकारी, मुकेश कुमार, मदन कुमार, मनोज कुमार, गोपाल राम, गिरीश कुमार, महेेंद्र मौर्य, कमल पंत, कमल कश्यप आदि शामिल थेे।
ठेकेदार को कई नोटिस दे चुका है विभाग
घसियारा मंडी-पूर्णागिरि संपर्क रोड पर डामरीकरण, नाली, सुरक्षा दीवार और छोटी पुलिया के निर्माण ठेका करीब 82 लाख रुपये में चंपावत के ठेकेदार भुवन चंद्र पांडेय के नाम आवंटित हुआ है, लेकिन ठेकेदार द्वारा काम शुरू करने में टाल-मटौली की जा रही है। काम शुरू कराने के लिए ठेकेदार को विभाग द्वारा कई बार नोटिस दिया जा चुका है।