मां पूर्णागिरि मेले के लिए टनकपुर से ठूलीगाड़ जा रही रोडवेज बस का हौज पाइप फटने से छह श्रद्धालु गर्म पानी की चपेट में आने से झुलस गए। इससे कुछ देर तक बस में कोहराम मच गया। हरदोई की महिला श्रद्धालु के अधिक झुलसने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी के बाद श्रद्धालुओं को दूसरी बसों से भेजा गया। बस में 43 श्रद्धालु थे।
मां पूूूूर्णागिरि मेले में संचालित टनकपुर डिपो की बस (यूए03-5711) बृहस्पतिवार की दोपहर श्रद्धालुओं को लेकर ठूलीगाड़ को रवाना हुई। इस बीच बाटनागाड़ से कुछ आगे बस का हौज पाइप फट गया। धमाके के साथ गर्म पानी की बौछार बस में सवार श्रद्धालुओं पर गिरी। इससे कुछ श्रद्धालु मामूली रूप से झुलस गए, लेकिन हरदोई निवासी अटवाअसी गांव निवासी 45 वर्षीय रीता सिंह पत्नी सत्यानंद सिंह की हालत गंभीर है। उसे 108 से संयुक्त अस्पताल पहुंचाया गया। डॉ. प्रियांशु श्रीवास्तव ने प्राथमिक उपचार के बाद अन्यत्र रेफर कर दिया।
इस बीच बस में आग लगने की सूचना पर एसडीएम मेला मजिस्ट्रेट अनिल कुमार चन्याल, सीओ राजन सिंह रौतेला अग्निशमन दल के साथ मौके पर पहुंचे। बस में पाइप फटना मिलने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। इधर, हादसे के बाद मामूली रूप से झुलसे यात्रियों को रोडवेज की दूसरी बसों से गंतव्य को भेजा गया। रेफर महिला की रिश्तेदार अनीता सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर वे लोग करीब एक घंटा परेशान रहे।