चंपावत/टनकपुर। रविवार को पूरे दिन पहाड़ का मैदानी क्षेत्र टनकपुर से सड़क संपर्क कटा रहा। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आठ स्थानों (बनले, धौन, स्वांला, बेलखेत, सिन्याड़ी, आठवां मील, भारतोली, सिंगदा) पर मलबा आनेे से मार्ग पूरे दिन बंद रहा। जेसीबी औैर अन्य मशीनों के पहुंचने के बावजूद मलबे के लगातार गिरते रहने से मार्ग को नहीं खोला जा सका है। इसकेे चलते लोगों को दुश्वारी झेलनी पड़ी। शाम को पुलिस ने ध्वनि विस्तारक यंत्र के जरिये मार्ग नहीं खुलने की जानकारी देते हुए लोगों से आगे नहीं बढ़ने की हिदायत दी।
आपदा नियंत्रण कक्ष के मुताबिक जगह-जगह मलबे के चलते एनएच पर रविवार सुबह पांच बजे से आवाजाही ठप है। रुक-रुक कर मलबा गिरते रहने से मलबा और पत्थरों को हटाने में दुश्वारी आई। जबकि बाराकोट के पास सिंगदा में कई यात्री खुद ही पत्थरों को हटाकर रास्ता साफ करते रहे। इधर एनएच खंड के ईई एलडी मथेला का कहना है कि मौसम ठीक रहने पर सोमवार को मार्ग खोल दिया जाएगा। आवाजाही ठप होने से रास्ते में फंसे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। रोडवेज की बसों को भी लौटना पड़ा। इधर टनकपुर में भी राजमार्ग कई जगह बंद होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने सुबह ही ककरालीगेट बेरियर पर वाहनों को रोक दिया था। इससे पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। सड़क खुलने की प्रतीक्षा में यात्रियों को घंटों इंतजार कर परेशानी झेलनी पड़ी, लेकिन जब पता चला कि आज मार्ग खुलने की उम्मीद नहीं है तो उन्हें अपनी यात्रा रद्द कर लौटना पड़ा। दूसरी तरफ पहाड़ में हो रही बारिश से किरोड़ा नाला पूर्णागिरि मार्ग के यात्रियों के लिए आफत बना। नाले के उफान पर आने से टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग घंटों बाधित रहा।
बनबसा बैराज पर रेड अलर्ट जारी
बनबसा (चंपावत)। शारदा बैराज पर पिछले एक सप्ताह से रेड अलर्ट जारी है। शनिवार को कुछ समय के लिए रेड अलर्ट हटाया गया। लेकिन बाद में पानी बढ़ने से वाहनों का संचालन फिर रोक दिया गया। रविवार को सुबह आठ बजे नदी का जलस्तर 113839 क्यूसेक था। जो दिन में एक बजे बढ़कर 155903 क्यूसेक पहुंच गया। बनबसा बैराज अटेंडेंट जेई संजय सिंह ने बताया कि पहाड़ों में हुई वर्षा से नदी का जलस्तर बढ़ा है। बनबसा में पिछले 24 घंटों में नौ मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है। पिछले 48 घंटों में बनबसा में 23 मिमी वर्षा हुई है। संवाद
दो ग्रामीण मार्ग भी बंद, खटोली में बिजली की लाइन टूटने से अंधेरा
चंपावत। बारिश से एनएच के अलावा चंपावत जिले के दो ग्रामीण मोटर मार्ग भी बंद हैं। अमोड़ी-छतकोट और एसएच 29 सेे खटोली मोटर मार्ग में मलबा आने से आवाजाही ठप है। खटोली में बारिश से बिजली की 11 केवी की लाइन टूटने से बत्ती गुल हो गई है। ऊर्जा निगम का कहना है कि मार्ग खुलने के बाद लाइन की खामी को दूर करने केे लिए कदम उठाए जाएंगे।
चंपावत जिले की बारिश का आंकड़ा:
चंपावत: पांच मिमी
लोहाघाट: एक मिमी
टनकपुर: नौ मिमी