चंपावत। ईरान-इस्राइल युद्ध का धीरे-धीरे असर देखने को मिल रहा है। कॉमर्शियल सिलिंडर के बाद अब पेट्रोल और डीजल के दामों में भी बढ़ोत्तरी हो गई है, इससे लोगों में अब अन्य वस्तुओं के भी दाम महंगे होने की चिंता सता रही है। वाहन चालक दीपक गोस्वामी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से किराया भी बढ़ाना पड़ सकता है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन कठायत ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम सरकार को स्थिर रखने चाहिए। उन्होंने रसोई गैस सिलिंडर के दाम भी बढ़ने की आशंका जताई है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय में पेट्रोल 2.87 रुपये जबकि डीजल में तीन रुपये की वृद्धि हुई है। पंप संचालक चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि डीजल में तीन रुपये और पेट्रोल में 2.87 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है, इसके बाद अब पेट्रोल 97.33 रुपये और डीजल 92.41 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से इसका सीधा असर अन्य चीजों पर भी देखने को मिलेगा। वर्तमान समय में चंपावत जिले में 13 पंप संचालित हैं।