चौड़ापिता, चौड़ामेहता, परेवा, वारसी सहित रीठा साहिब क्षेत्र के जंगल आग की चपेट में है। सोमवार शाम लगी आग में करीब एक हेक्टेयर जंगल प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों के प्रयास से बमुश्किल आग पर काबू पाया गया। मौजूदा फायर सीजन में आग लगने का यह दूसरा वाकया है।
जिला मुख्यालय से करीब 75 किलोमीटर दूर रीठा साहिब क्षेत्र के जंगलों में सोमवार शाम को आग धधक गई। चीड़ के पेड़ों में आग लगने से दर्जनों पेड़ इसकी चपेट में आ गए। शेर राम, शेर सिंह, मोतीनाथ सहित तमाम ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास कर जंगल की आग पर पर काबू पाया। आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी।
भिंगराड़ा के वन क्षेत्राधिकारी हिमालय सिंह टोलिया ने कहा कि आग से बचाव को विभाग ने इलाके में कू् स्टेशन, फायर वॉचर सहित कई इंतजाम किए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी जंगल को आग से बचाव में सहयोग करने की अपील की है।