रीठा साहिब मोटर मार्ग में बिरगुल के समीप बना डेंजर जौन
- फोटो : अमर उजाला
जोड़ मेले के चलते लोहाघाट-रीठा साहिब मार्ग इन दिनों बेहद व्यस्त है। सिख श्रद्धालु मोटर साइकिल, जीप, ट्रक और बसों में लद कर इस मार्ग से गुजर रहे हैं, लेकिन बेहद संकरी इस सड़क पर दुर्घटना का खतरा बना है। वहीं, दो स्थानों पर भूस्खलन का भी खतरा बना है। हालांकि विभाग ने मार्ग पर दो डोजर तैनात किए हैं, लेकिन बारिश के दौरान मलबा आने पर जाम भी लग रहा है।
लोक निर्माण विभाग के स्वामित्व वाले लोहाघाट से रीठा साहिब मार्ग की लंबाई 70 किमी है। धूनाघाट से रीठा साहिब के बीच 38 किमी का सफर इन दिनों बेहद व्यस्त है। संकरी सड़क होने के चलते आवाजाही करना चुनौती भरा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता एसडी भट्ट का कहना है कि मार्ग पर धूनाघाट और बिरगुल के पास दो जगह भूस्खलन के नजरिए से संवेदनशील है। इन स्थानों पर सड़क पर मलबा गिरने की आशंका बनी है। ईई भट्ट का कहना है कि सड़क पर आवागमन बनाए रखने के लिए दो डोजर की तैनाती की गई है। सड़क अवरुद्ध होने पर तत्काल खोलने के निर्देश दिए गए हैं।