लोहाघाट (चंपावत)। वन पंचायत सभागार में डीएम दीपेंद्र कुमार चैधरी ने राजस्व विभाग, वन विभाग और लोगों की बैठक ली। डीएम ने देवदार के 3147 पेड़ों पर नंबर लगाने के साथ ही पेड़ों की सुरक्षा का दायित्व भी वन विभाग को सौंपा है। इसके अलावा नगर पंचायत और राजस्व विभाग की बराबर निगरानी रखेगी। बैठक में तय किया गया कि समय-सयम पर एसडीएम पेड़ों की सुरक्षा के लिए लोगों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। जो पेड़ जिस व्यक्ति के अहाते में आ रहे हैं उसकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी उस व्यक्ति की होगी।
बैठक में तय किया गया कि देवदार वनी में मिट्टी फेंकने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। आरा मशीनों में बराबर निगरानी भी की जाएगी। इसके अलावा जिन लोगों ने घरों में देवदार की लकड़ी का प्रयोग किया है उसे भी खरीदने की जानकारी देगी होगी। डीएम ने वन निगम के टाल में लोगों को चीड़ और देवदार की इमारती लकड़ी उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने वालाें को पुरस्कृत करने तथा पौधारोपण के प्रति रुझान पैदा करने के लिए छात्रों की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने वन संरक्षण में सरपंच कैलाश तलनियां के प्रयासों को सराहा, जिन्होंने लोगाें को घास के लुट्टे लगाने में पेड़ काटने के बजाय लोहे के खंभे लगाने के लिए प्रेरित किया है। इस अवसर पर एसडीएम सीएस डोबाल, तहसीलदार नीलू चावला, एसीएफ एमएस सिरोही, नवीन मुरारी, व्यापार संघ अध्यक्ष भैरव राय, कीर्ति बगौली, एसओ मनोज रतूड़ी, रेंजरदीप जोशी आदि मौजूद थे।