चंपावत। एसपी अजय गणपति ने थाना और शाखा प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों का समय पर विधिक निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिले में घटित अपराधों, अपराध अनावरण संचालित विभिन्न पोर्टलों और प्रचलित अभियानों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए।
एसपी ने साइबर अपराध, आईटी एक्ट, महिला अपराध में त्वरित कार्यवाही करने, विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने, विवेचनाओं में नेट ग्रीट, समन्वय, आईसीजीएस, निदान, मानस और अन्य प्रचलित ऐप, पोर्टल का उपयोग करने, सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले मामलों में फील्ड यूनिट, एफएसएल यूनिट को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्यों का विधिपूर्वक एकत्रीकरण करने, प्रार्थना पत्रों का सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत निर्धारित अवधि में निस्तारित करने, लंबित वारंटों, सम्मन, नोटिसों की शत-प्रतिशत तामील किए जाने और संचालित पोर्टलों में शत प्रतिशत कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल, कॉलेज के समय पर ड्यूटी करने के साथ ही बार्डर क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखते हुए कार्यरत एजेंसियों के साथ समन्वय और तालमेल बनाते हुए चेकिंग अभियान, गश्त करने को कहा।