लोहाघाट-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग में पैट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन स्क्रबर।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन कलवर्ट का कार्य पूरा न होने से वाहन चालकों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड से जल्द कलवर्ट का कार्य पूरा कर यातायात सुचारु करने की मांग की है।
वाहन चालक केवलानंद, महिपाल सिंह, नवीन सिंह आदि का कहना था कि करीब एक महीने से भी अधिक समय से पैट्रोल पंप के पास एनएच की ओर से कलवर्ट बनाने का कार्य किया जा रहा है।
इसके निर्माण कार्य में काफी देरी होने से वाहन चालकों और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के चलते सड़क संकरी हो गई है। इस सड़क पर वाहनों का काफी दबाव रहता है। ऐसे में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड से कलवर्ट का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। एनएच के ईई एलडी मथेला ने बताया कि कलवर्ट में 15 जनवरी को स्लैब डाला गया है। सुरक्षा को देखते हुए 28 दिन तक उसमें यातायात शुरू नहीं किया जा सकता है। निर्धारित समय के बाद इसे शुरू कर दिया जाएगा।