चंपावत। कोरोना महामारी के बीच जिला पंचायत बोर्ड की पहली बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य व शिक्षा समस्याओं से जुड़े मसलों पर चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय ने योजनाओं के चयन में सदस्यों की राय को महत्व देने के निर्देश दिए। इससे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ललित मोहन कुंवर ने नवनिर्मित जिला पंचायत सभागार का लोकार्पण किया।
एएमए राजेश कुमार के संचालन में हुई बैठक में विभागों की ओर से चलाई जा रही विकास योजनाओं की जानकारी दी गई। बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने सील, सलान, सिंगदा, गोली, हरम, रमैला ग्राम पंचायत में पेयजल की समस्या दूर करने, डुंगराबोरा ग्राम पंचायत में हैंडपंप सुधारीकरण, दियूरी में पेयजल, नलकूप निर्माण, बिजली के झूलते तारों एवं खराब हो चुके पोलों को बदलने आदि समस्याएं उठाई । जिला पंचायत सदस्यों ने जानवरों से खेती को हो रहे नुकसान का उल्लेख करते हुए उद्यान विभाग को तारबाड़ मद में बजट बढ़ाने का आग्रह किया।
सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत ने बैठक में उठी समस्याओं केे समाधान के अफसरों को निर्देश दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य सरिता बोहरा, किरण देवी, विजय बोहरा, पुष्कर कापड़ी, भूपेंद्र सिंह महर, सुरेंद्र सामंत, सीमा विश्वकर्मा, हरीश राम के अलावा विधायक कैलाश गहतोड़ी प्रतिनिधि सुरेश जोशी, प्रकाश राय, डीडीओ एसके पंत, एएमए राजेश कुमार, उद्योग जीएम मीरा बोहरा, एनएच के ईई एलडी मथेला, डीपीओ पीएस बृजवाल, डीएसओ आरएस धामी, सीवीओ डॉ. बीएस जंगपांगी, डीईओ डीएस राजपूत, सत्यनारायण, डीटीओ लता बिष्ट आदि मौजूद थे।