स्वांला जीप दुर्घटना में हादसे की जगह के समीप जेसीबी को गलत तरीके से खड़ा करने के आरोप में पुलिस ने बारहमासी सड़क का निर्माण कार्य करा रही कंपनी के प्रतिनिधि व ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को दोनों आरोपियों को अदालत से जमानत मिल गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग में गलत तरीके से जेसीबी खड़ा करने और सड़क पर मलबा होने के चलते बारहमासी सड़क का निर्माण कार्य करा रही कार्यदाई संस्था शिवालय कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुरेंद्र राणा निवासी खेड़ा कलोनी उत्तर पूर्वी दिल्ली और उसके ठेकेदार विजय प्रकाश पांडेय निवासी ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) के खिलाफ बुधवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 283, 287, 288 व 304 ए के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। बुधवार की देर रात में ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया था।
कोतवाली के दरोगा राजेश पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार को चिकित्सा परीक्षण के बाद दोनों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र कुमार की अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें जमानत में रिहा कर दिया गया है।