टनकपुर (चंपावत)। वन विभाग ने पुलिस फोर्स के साथ बंगाली कॉलोनी, अंबेडकर नगर में अतिक्रमण को ध्वस्त कर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों और वन कर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई। शहर के बंगाली कॉलोनी, अंबेडकर नगर में वन भूमि पर अतिक्रमण कर 12 लोगों ने झाले बना लिए थे।
कई बार झाले हटाने की हिदायत के बाद भी जब अतिक्रमणकारी नहीं माने तो बृहस्पतिवार को शारदा रेंज की टीम ने पुलिस फोर्स के साथ अतिक्रमण हटाया। एसडीओ राजेश श्रीवास्तव, रेंजर ख्याली राम आर्य, सीओ आरएस रौतेला के नेतत्व में हुई कार्रवाई में वन कर्मियों ने सभी झालों को तोड़ दिया। वन विभाग ने पुन: अतिक्रमण की स्थिति में सख्त कार्रवाई की हिदायत दी है। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों और वन कर्मियों में तीखी नोकझोंक भी हुई।