रजिस्ट्री और डाक बुकिंग का कार्य मैनुअली शुरू
- फोटो : अमर उजाला
डाकघर में सर्वर में आई खराबी चौथे दिन भी दूर नहीं हो पाई है। सर्वर में आई खराबी के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अमर उजाला की ओर से लोगों को हो रही दिक्कतों को प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद शुक्रवार को डाकघर में रजिस्ट्री और डाक बुकिंग का कार्य मैनुअली करना शुरू कर दिया है।
बीते 26 दिसंबर से पोस्ट ऑफिस के सर्वर में आई खराबी के कारण उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सर्वर खराब होने से लेन देन, आरडी, रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। सबसे अधिक दिक्कतें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवेदन पत्र भेजने वाले युवक-युवतियों को हो रही है। रजिस्ट्री कराने के लिए उन्हें 14 किमी दूर चंपावत की दौड़ लगानी पड़ रही है। शुक्रवार को डाकघर में 32 रजिस्ट्रियां मैनुअली की गई।
ग्राहक निराश लौट रहे हैं
बलांई से एमआईएस से पैसा निकालने के लिए आए केदार सिंह का कहना है कि वह पिछले पांच दिनों से लगातार डाकघर आ रहे हैं, लेकिन सर्वर में आई खराबी दूर न होने से उन्हें रोज निराश लौटना पड़ रहा है। पूर्व सैनिक हयात सिंह रावत का कहना है कि वह पिछले तीन दिनों से डाकघर में रुपए जमा करने के लिए आ रहे हैं पर रुपए जमा नहीं हो पा रहे हैं। वल्सों के पूर्व सैनिक अमरसिंह का कहना है कि वह आरडी जमा करने के लिए दो दिनों से डाकघर के चक्कर काट रहे हैं। आरडी जमा नहीं हो पाई।
आरडी जमा करने चंपावत जा रहा है कर्मचारी
पोस्टमास्टर पीएन कापड़ी का कहना है कि डाकघर में लगे इंटरनेट स्विच, राउटर, मॉडल फुंकने के कारण सारा कार्य प्रभावित हो गया है। उच्चाधिकारियों और एसआईएफवाई कंपनी को सूचित कर दिया है। पोस्टमास्टर कापड़ी ने बताया कि महिला अभिकर्ता आरडी से प्रतिदिन आने वाली धनराशि को जमा करने के लिए एक कर्मचारी को चंपावत भेजा जा रहा है।