चंपावत के रीठासाहिब गुरुद्वारा में तीन दिवसीय जोड़ मेले के पहले दिन शब्द कीर्तन करते ग्रंथी। स्
चंपावत। जिले के सिख तीर्थ गुरुद्वारा रीठा साहिब में तीन दिवसीय वार्षिक जोड़ मेला शुक्रवार को शुरू हो गया। गुरु नानक देव की शिक्षाओं से प्रेरित यह मेला श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। पहले दिन करीब 1500 तीर्थ यात्रियों ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका। 30 मई को मुख्य मेले का आयोजन होगा।
मेले का उद्घाटन सीडीओ जीएस खाती, एसडीएम पाटी नितेश डांगर, कार सेवा प्रमुख बाबा बच्चन सिंह, बाबा सुरेंद्र सिंह और गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने किया। यह आयोजन डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर हुआ। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने अतिथियों को सिरोपा और कृपाण भेंट कर सम्मानित किया। सीडीओ खाती ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पार्किंग, कच्चे पुल, लंगर, स्वास्थ्य शिविर, शुद्ध पेयजल और स्वच्छता के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस ने सुरक्षा के लिए चेक पोस्ट बनाने के साथ ही यातायात के लिए विशेष बल तैनात किया है।
सुरक्षित यात्रा की अपील
कार सेवा प्रमुख बाबा सुरेंद्र सिंह ने श्रद्धालुओं से पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज की कृपा और प्रशासन के सहयोग से सभी व्यवस्थाएं सुचारु हैं। बाबा सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह वही स्थान है जहां गुरु नानक देव जी ने योगियों के साथ सत्संग किया था और कड़वे रीठे में मिठास भरी थी। गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने बताया कि गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का शुभारंभ हो गया है।