टनकपुर (चंपावत)। चूका क्षेत्र में लधिया नदी से हो रहा तेज कटाव रियासी बमनगांव के लिए खतरा बनता जा रहा है।
कटाव से गांव और लधिया के बीच फासला दिनों दिन घट रहा है। इसके लिए ग्रामीणों ने सीम में हुए अवैध खनन को कारण बताते हुए विधायक कैलाश गहतोड़ी से शिकायत कर सुरक्षा की गुहार की है।
विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम को पत्र लिख जांच करा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। विधायक गहतोड़ी ने डीएम को लिखे पत्र में कहा है कि उन्हें ग्रामीणों ने दूरभाष पर सूचना दी है कि तेजी से कटाव कर रही लधिया से रियासी बमनगांव खतरे की जद में आ रहा है। रिवर ट्रेनिंग नीति के तहत सीम में हो रहे खनन में ठेकेदार द्वारा सीमांकन क्षेत्र के बाहर अवैध खनन किए जाने से यह खतरा पैदा हुआ है। तीन दिन पूर्व बारिश से लधिया के उफान पर आने से गांव की ओर तेजी से कटाव हुआ है। इससे ग्रामीणों की नाप भूमि और आवासीय मकान खतरे की जद में आ रहे हैं। विधायक ने डीएम से मामले की जांच करा उचित कार्रवाई करने को कहा है।