पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। सचमुच ये आस्था की अद्भुत मिसाल है। नाचते-गाते, देवी भक्ति में झूमते पीलीभीत जिले के 197 श्रद्धालुओं ने 57 घंटे में मां पूर्णागिरि देवी के दर्शन किए। श्रद्धालु मुरारी लाल बताते हैं कि पीलीभीत से देवी भक्तों का यह जत्था पहली नवरात्र को 22 मार्च को दोपहर दो बजे देवी के डोले के साथ पूर्णागिरि धाम के लिए निकला और नवरात्र के तीसरे दिन 90 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर यहां पहुंचा और शाम पांच बजे बाद देवी दर्शन किए। तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों में सामान लादकर ये श्रद्धालु सड़क किनारे एहतियात के साथ आगे बढ़ रहे थे।
27 हजार श्रद्धालुओं ने देवी दर्शन किए
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। लगातार हादसे के बावजूद पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं के उमड़ने का सिलसिला जारी है। नवरात्र के तीसरे दिन शुक्रवार को 27 हजार श्रद्धालुओं ने देवी दर्शन किए। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि नवरात्र में देवी दर्शन के साथ बड़ी संख्या में अखंड धूनी की विभूति लगा रहे हैं। 11 जगह लगे भंडारों से श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। मेला मजिस्ट्रेट सुंदर सिंह का कहना है कि पूर्णागिरि मेले में एहतियाती उपाय करने के साथ श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा रहा है।