गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। बारिश के बाद सुरक्षा दीवार ढहने से राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय सलाण खतरे में आ गया है। विद्यालय भवन के गिरने का खतरा बढ़ गया है। साथ ही स्कूल पहुंचने वाला रास्ता पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। विद्यार्थी जान जोखिम में डालकर विद्यालय पहुंचने के लिए मजबूर हैं।
क्षेत्र में बीते सोमवार की रात हुई बारिश से काफी नुकसान हुआ। भारी बारिश से हुए भूस्खलन से राउमावि सलाण की सुरक्षा दीवार ढह गई। विद्यालय और शौचालय के लिए जाने वाला रास्ता आपदा की भेंट चढ़ गया। जब मंगलवार सुबह शिक्षक और विद्यार्थी विद्यालय पहुंचे तो घटना का पता चला। विद्यार्थी और शिक्षक काफी मुश्किल से विद्यालय पहुंच सके।
एसएमसी अध्यक्ष ममता देवी और प्रधानाध्यापक पूरन पंत ने बताया कि विद्यालय में 22 विद्यार्थी पढ़ते हैं। लगातार भूस्खलन होने से विद्यालय भवन की नींव में दरारें पड़ने से इसके गिरने का खतरा बना हुआ है। एसएमसी अध्यक्ष ने खंड शिक्षा अधिकारी को सूचना देकर शीघ्र सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। इधर, खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र मौर्या ने कहा कि शीघ्र उचित कदम उठाए जाएंगे। संवाद
सड़क पर गड्ढे और ऊपर खतरा बनकर लटक रहे पेड़
रीठा साहिब (चंपावत)। पाटी ब्लाॅक के चौड़ापिता परेवा मोटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे, नालियां चोक होने के साथ ही सड़क के ऊपर पेड़ खतरा बनकर लटक रहे हैं। इससे मार्ग पर आवाजाही करना खतरनाक बना हुआ है।
चौड़ापिता परेवा मार्ग से लगभग दस हजार की आबादी जुड़ी हुई है। इस रोड से रोजाना कई लोग हल्द्वानी, टनकपुर, लोहाघाट, चंपावत और पाटी के लिए आवाजाही करते हैं। यह सड़क नैनीताल जिले को भी जोड़ती है। सड़क पर जगह-जगह पत्थर ही पत्थर बिखरे हुए हैं। कई जगह पर पुलिया टूट चुकी हैं। इससे आने-जाने वाले तीर्थ यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशान होना पड़ता है। मार्ग के ऊपर लटक रहे चीड़ और अन्य पेड़ कभी भी गिर सकते हैं। कई बार विभाग को बताने के बाद भी खतरा बने हुए पेड़ों को नहीं काटा जा रहा है। लोनिवि के एई वीरेंद्र गोरा का कहना है कि वन विभाग से इसकी स्वीकृति लेने के बाद पेड़ काटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासन से बजट मिलते ही मार्ग की मरम्मत करा दी जाएगी। संवाद
गैंडाखाली नंबर तीन में शारदा कर रही भू-कटाव
टनकपुर (चंपावत)। गैंडाखाली नंबर तीन में शारदा नदी से बारिश के मौसम में भू-कटाव जारी है। ग्रामीणों ने भू-कटाव रोकने के लिए मुख्यमंत्री से सिंचाई विभाग को सुरक्षा कार्य कराने के निर्देश देने की गुहार लगाई है। मंगलवार को गैंडाखाली नंबर तीन निवासी सुरेश महर, अमर नाथ जोशी आदि ने कैंप कार्यालय के अधिकारी राजपाल सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि गांव में बारिश के मौसम में शारदा नदी से भू-कटाव हो रहा है। अब तक आम, अमरूद आदि के कई पेड़ बह चुके हैं। लगातार कटाव होने से फल पट्टी को खतरा उत्पन्न हो गया है। सीएम कैंप कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि सिंचाई विभाग और संबंधित विभागों को अवगत करा दिया गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में भुवन जोशी, जगदीश सिंह,मोहन सिंह, तेज सिंह खाती,लक्ष्मण सिंह महर, धनश्याम जोशी, प्रेम लता, कलावती आदि शामिल रहे। संवाद