लोहाघाट (चंपावत)। चंपावत जिले के बाराकोट, पाटी और लोहाघाट विकासखंडों के आंगनबाड़ी केंद्रों में लंबे समय से लाभार्थियों को वितरित किए जाने वाला राशन नहीं मिल रहा है। लाभार्थियों ने सरकार की योजना का लाभ न मिलने पर विभाग के प्रति गहरी नाराजगी जताई है।
आंगनबाड़ी वर्कर्स संगठन की जिलाध्यक्ष मीना बोहरा ने बताया कि अप्रैल से लाभार्थियों को बांटने के लिए लोहाघाट, बाराकोट और पाटी के आंगनबाड़ी केंद्रों में राशन नहीं मिल रहा है। इससे आंगनबाड़ी वर्कर्स को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लाभार्थियों का कहना है कि एक ओर सरकार ने गर्भवती, धात्री महिलाओं, शून्य से तीन वर्ष के बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की ओर से राशन वितरित किए जाने की योजना बनाई है, दूसरी ओर केंद्रों में राशन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। मीना ने बताया कि लगातार विभागीय अधिकारियों को केंद्रों में राशन न मिलने की जानकारी दी जा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। मीना ने बाया कि जून से आंगनबाड़ी वर्कर्स को मानदेय भी नहीं मिला है। उन्होंने जल्द राशन उपलब्ध कराने के साथ मानदेय के भुगतान की मांग की है।
आरपी बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी, चंपावत ने बताया कि करीब हर तीन माह में खाद्यान्न विभाग के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में राशन वितरण का कार्य किया जाता है। सभी खाद्यान्न गोदामों में योजना के तहत राशन पहुंच गया है। अगर किसी आंगनबाड़ी केंद्र में राशन वितरित नहीं हुआ है तो इसकी जांच की जाएगी।