रानीखेत से मिला छह करोड़ का कैश, मिली राहत
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय स्टेट बैंक रानीखेत से छह करोड़ रुपए की रकम यहां एसबीआई की शाखा में पहुंचने से लोगों को कुछ राहत हुई। अलबत्ता बैंकों में भारी भीड़ के चलते लंबी लाइन सोमवार को भी लगी रही। वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा देने के लिए अलग से लाइन लगाई गई। सोमवार को चंपावत में अब तक जमा 15 करोड़ के 500 और हजार रुपए के नोटों को कानपुर आरबीआई को भेजा है।
भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी राजीव ने बताया कि छह करोड़ रुपए मिलने से सोमवार को बैंक खातों से ग्राहकों को रकम दी गई। स्याही नहीं मिलने से 500 और 1000 रुपए के नोट नहीं बदले जा सके। एसबीआई के कैश ऑफिसर जेएस रावत ने बताया कि छह करोड़ रुपए में से दो करोड़ रुपए अन्य बैंकों और डाकघर को दिए गए हैं। बैंक अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार शाम तक भारतीय रिजर्व बैंक के कानपुर कार्यालय से जिले को 40 करोड़ रुपए पहुंचने की संभावना है।
टनकपुर। पांच सौ, हजार रुपए के नोटबंदी के बाद से बैंकों में लोगों के नोट बदलने के लिए उमड़ने का क्रम जारी है। सोमवार सुबह से ही बैंकों के बाहर लोगों की लाइन लगनी शुरू हो गई। सुबह दस बजे तक अधिकांश बैंकों में लंबी-लंबी लाइन लग चुकी थी। नई करेंसी कम पहुंचने से भी दिक्कत रही। एसबीआई व बैंक आफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक की शाखाओं में सर्वाधिक भीड़ भाड़ रही। कई बैंकों में कैश देर से पहुंचने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक पीसी पंत ने बताया कि बैंक में नियमानुसार पांच सौ और हजार के नोट बदले जा रहे है। ।
अब शादी को मिल रहे ढाई लाख रुपए
नोटबंदी के बाद पहली बार शादी वाले परिवार के लिए खुश होने की खबर आई है। एसबीआई के सहायक प्रबंधक निर्मल भट्ट ने बताया कि सोमवार से एसबीआई ने निमंत्रण कार्ड दिखाकर ढाई लाख रुपए की रकम देना शुरू किया है। कारी गांव के गौरी सिंह की बेटी पूजा की 22 नवंबर को शादी है। खाते में रकम होने के बावजूद धन नहीं मिल पा रहा था। ब्याह के लिए जरूरी खरीद उधार पर हो रही थी। आमंत्रण कार्ड दिखाकर ढाई लाख रुपए बैंक ने दिए। इसी तरह खर्ककार्की के प्रहलाद सिंह की बेटे कृष्ण सिंह की 25 नवंबर को शादी है। उन्होंने भी कार्ड दिखाकर अपने खाते से रकम निकाली। हरीश भट्ट ने बेटी के ब्याह को 1.90 लाख रुपए निकाले। इसके अलावा छह अन्य लोगों ने भी विवाह के लिए खाते से रुपया निकाला।
भिंगराड़ा में पीएलवी ने की मदद
भिंरागड़ा और श्रीरीठा साहिब में नोट बदलने के काम में पैरा लीगल वालंटियर्स मदद कर रहे हैं। नैनीताल बैंक लिमिटेड की स्थानीय शाखा में पीएलवी उमेश चंद्र भट्ट ने 500 और 1000 रुपए के पुराने नोटों को बदलने तथा बैंक खाते में रकम जमा कराने में ग्रामीणों की मदद की। भिंगराड़ा और श्रीरीठा साहिब में अब तक पांच करोड़ रुपए से अधिक बैंक खातों मेें जमा अथवा नोट बदल चुके हैं।