बनबसा (चंपावत)। बनबसा के गुदमी ग्रामसभा की प्रधान के साथ ग्रामीणों की अभद्रता किए जाने से खिन्न खटीमा स्थित राणा थारू युवा मंच ने खेद जता उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने बनबसा गुदमी पहुंच पीड़ित प्रधान और परिजनों को अपना समर्थन दिया। बनबसा में आठ जुलाई की बाढ़ के बाद गुदमी प्रधान विनीता राना के साथ ग्रामीणों ने अभद्रता की थी। इसपर थाने में तहरीर दे उन्होंने नौ नामजद ग्रामीणों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दायर कर जांच शुरू कर दी। जांच सीओ टनकपुर कर रहे हैं। भारतीय न्याय संहिता के अलावा एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। बीते दिवस खटीमा स्थित युवा राणा थारू मंच अध्यक्ष डिल्लू राना, उपाध्यक्ष पवन राना, सचिव मनोज सिंह राणा, सामाजिक सलाहकार राम किशोर राणा, अनुश्रवण समिति सदस्य विपिन सिंह राणा गुदमी की पीड़ित प्रधान से मिले और उन्हें न्याय दिलाने में हर संभव सहयोग देने को कहा।