लोहाघाट में एसडीएम को ज्ञापन सोंपते टैक्सी चालक।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। जय ऋषेश्वर महादेव टैक्सी संचालन समिति ने डीएम को ज्ञापन भेजकर प्रशासन की ओर से बनाई गई अस्थायी पार्किंग में गिरे पेड़ों, और खतरनाक स्थिति में खड़े पेड़ों का निस्तारण करने की मांग की। बृहस्पतिवार को समिति के अध्यक्ष चंदन सिंह के नेतृत्व में एसडीएम आरसी गौतम के माध्यम से डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि लोहाघाट नगर में ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन सैकड़ों टैक्सियां आती हैं।
इन्हें खड़ा करने के लिए कोई पार्किंग स्थल न होने से वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि टैक्सी चालकों की दिक्कतों को देखते हुए प्रशासन की ओर से पेट्रोल पंप से लेकर गैस गोदाम तक सड़क किनारे टैक्सियां खड़ा करने के लिए अस्थायी पार्किंग बनाई गई थी। इस पार्किंग स्थल में कई देवदार के वृक्ष गिरने के साथ कई पेड़ खतरनाक स्थिति में लटके हुए हैं। इनके गिरने से वाहनों और लोगों के लिए खतरा पैदा हो गया है। समिति ने गिरे पेड़ों को हटाने, लटके पेड़ों का निस्तारण करने के साथ पार्किंग स्थल में खड़े किए गए खराब व भार वाहक वाहनों को हटाने की मांग की है।