आदर्श राशनिंग वेलफेयर सोसायटी ने दो महीनों का खाद्यान्न न देने पर नाराजगी जताई है। संगठन ने शीघ्र राशन का पूरा कोटा देने की मांग की है। सोसायटी के जिलाध्यक्ष हीराबल्लभ जोशी की अध्यक्षता में वक्ताओं ने कहा कि पूर्ति विभाग ने दो महीनों का राशन नहीं दिया है। जबकि अन्य जिलों में फरवरी तक का शत-प्रतिशत राशन वितरित हो चुका है। साथ ही इस मुद्दे को डीएम के सम्मुख भी उठाया जाएगा।
बैठक में कहा गया कि जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा आधार लिंक पूरा नहीं होने की दलील देते हुए सिर्फ 50 फीसदी राशन देने की बात कही गई। उनका कहना था कि आधा राशन उठाए जाने पर कोटेदारों को बेवजह जनता की नाराजगी झेलनी पड़ेगी। इससे विवाद की नौबत आ सकती है। साथ ही 50 फीसदी खाद्यान्न का उठान करने से आधी आबादी राशन से वंचित रह जाएगी। कहा गया कि जिले में अधिकांश लोगों के आधार कार्ड नहीं बने हुए हैं। जबकि केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत आधार लिंक कराने के लिए 30 जून तक का समय दिया गया है। संगठन ने 28 फरवरी को सोसायटी की बैठक में इस संबंध में आगे की रणनीति बनाने की बात कही है। बैठक में सुरेश जोशी, बसंत राय, सलीम जावेद, चंद्र मोहन जोशी, बसंत सार्की, नारायण सिंह आदि ने विचार रखे।