बुधवार की रात मौसम ने अचानक मिजाज बदला और बिजली की कड़कड़ाहट के साथ बृहस्पतिवार सुबह तक लगातार तेज बारिश हुई। बारिश से एक और जहां गर्मी से निजात मिली वहीं दूसरी ओर जगह-जगह हुए जलभराव, कई किसानों की खेतों में कटी धान की फसल को खासा नुकसान पहुंचा है। नगर की कई सड़कों में जलभराव हुआ।
मोहनपुर ग्राम पंचायत की विष्णुपुरी कॉलोनी की ज्यादातर गलियां नाले में तब्दील हो गई थी, हालात यह थे कि गलियों में बहता बरसाती पानी लोगों के घरों के अंदर तक घुस आया। वहीं, बनबसा में भी जलभराव से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गांव घरों में कीचड़ से लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा, इससे क्षेत्र का कारोबार भी प्रभावित हुआ।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद मौसम खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। शारदा बैराज अटेंडेंट जगदीश श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक क्षेत्र में 1598 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई, जबकि पिछले वर्ष बुधवार के दिन तक क्षेत्र में 1452 एमएम वर्ष हुई थी। बुधवार रात शारदा नदी का जलस्तर 51 हजार क्यूसेक पहुंच गया था जो बृहस्पतिवार की दोपहर तक 28523 क्यूसेक रह गया।