टनकपुर में किरोड़ा नाले का रूख मुड़ने से ककरालीगेट के पास जलमग्न हुआ हाईवे।
- फोटो : TANAKPUR
शनिवार दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से उफनाए किरोड़ा नाले का रुख मुड़ने से ककरालीगेेट क्षेत्र जलमग्न हो गया है। वहीं घसियारा मंडी का नाला भी उफान पर आने से कॉलोनी को खतरा पैदा हो गया है।
पुल के पास हुए कटाव से किरोड़ा नाले का रुख ककरालीगेट और घसियारा मंडी कॉलोनी के नाले की ओर मुड़ गया है जिससे नाले से लगे ककरालीगेट, नयागोठ, बोरागोठ और शहर की घसियारा मंडी कॉलोनी क्षेत्र खतरे की जद में आ गए हैं। शनिवार को करीब तीन घंटे लगातार झमाझम बारिश ने ककरालीगेट और घसियारा मंडी कॉलोनी के लोगों की चिंता बढ़ा दी।
उफान पर आते ही किरोड़ा नाले के पानी से ककरालीगेट क्षेत्र जलमग्न हो गया। स्थिति यह हो गई कि ककरालीगेट के पास हाईवे पर करीब एक फीट पानी बहने लगा। वहीं घसियारा मंडी का नाला भी उफान पर आ गया।
हालांकि नाले का पानी कॉलोनी की गलियों तक नहीं पहुंचा है लेकिन लोग फिर बारिश होने पर खतरे की आशंका से चिंतित हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द किरोड़ा में कटाव से मुड़े नाले के रुख को रोकने की मांग उठाई है।