लगातार हुई बारिश से उफनाए किरोड़ा नाले सेे पूर्णागिरि मार्ग पर करीब दो घंटे यातायात बाधित रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर यात्री और स्कूली बच्चे फंसे रहे। सुरक्षा के लिहाज से अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर तैनात रही। नाले का जल स्तर घटने के बाद आवागमन सुचारु हो पाया। बाटनागाड़ में मलबा आने से बूम से आगे मार्ग बंद है।
मूसलाधार बारिश से शनिवार सुबह किरोड़ा नाला उफान पर आ गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर यात्री और छात्र फंसे रहे। सूचना मिलते ही सुरक्षा पर निगरानी को अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंची। बताया गया कि दोपहर करीब एक बजे नाले का जल स्तर कम होने पर टनकपुर और बूम के बीच आवागमन सुचारु हो पाया।
उधर बाटनागाड़ मेें मलबा आने से बूम के आगे पूर्णागिरि मार्ग बंद है। लोनिवि के एई एपीएस बिष्ट ने बताया कि मलबा हटाने के लिए जेसीबी मौके पर भेज दी गई है। जल्द ही मार्ग खोल दिया जाएगा।
शारदा उफनाई, डेढ़ लाख क्यूसेक के करीब पहुंचा जल स्तर
पर्वतीय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से शनिवार को दोपहर के वक्त शारदा का जल स्तर बढ़ा गया। जल स्तर बढ़ने और पिथौरागढ़ जिले में अतिवृष्टि की सूचना पर प्रशासन ने शारदा किनारे बसे लोगों को अलर्ट कर जल पुलिस को स्थिति पर निगरानी के निर्देश जारी किए। सुबह छह बजे जहां शारदा का जल स्तर 97 हजार 774 था वहीं दोपहर एक बजे जल स्तर बढ़कर 1 लाख 46 हजार 697 क्यूसेक तक पहुंचा।
बनबसा बैराज कंट्रोल रूम के मुताबिक दोपहर 12 बजे से जल स्तर बढ़ना हुआ और दोपहर दो बजे बाद जल स्तर में घटने लगा। दोपहर तीन बजे जल स्तर 1 लाख 35 हजार 916 रिकार्ड किया गया है। इधर, निकासी की व्यवस्था न होने से शारदा स्नानघाट का प्रवेश द्वार भी जलमग्न हो गया। बनबसा में दोपहर बाद शारदा का जल स्तर बढ़ने लगा।
इसके चलते बैराज पर रेड अलर्ट घोषित कर वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी गई। यूपी सिंचाई विभाग के शारदा हेडवर्क्स प्रशासन के बैराज अटैंडेंट जगदीश श्रीवास्तव ने बताया कि दोपहर 12 बजे बाद नदी का जलस्तर बड़कर एक लाख क्यूसेक पहुंच गया। जिसके बाद बैराज पर रेड अलर्ट कर बैराज से वाहनों की आवाजाही बंद करनी पड़ी।
शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ बृजेश मौर्य ने बताया कि नदी का जलस्तर एक लाख क्यूसेक पहुंचने के साथ ही सुरक्षा के तहत बैराज पर से वाहनों का संचालन बंद कर दिया जाता है। बता दें कि बैराज को निर्माण के 99 वर्ष हो चुके हैं।
क्षेत्र में हुई 59 एमएम वर्षा
बनबसा (चंपावत)। क्षेत्र में पिछले चौबीस घंटों में 59 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई है। शारदा हेडवर्क्स के बैराज अटैंडेंट जगदीश श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक क्षेत्र में 1269 मिमी. वर्षा हो चुकी है जबकि 2018 में 7 नवंबर तक 1782 एमएम वर्षा हो चुकी थी। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार अभी तक 513 एमएम वर्षा कम हुई है। ब्यूरो
बारिश से जलमग्न हुआ टनकपुर के शारदा स्नानघाट का प्रवेश द्वार।- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर में ऊफनाई शारदा।- फोटो : TANAKPUR