चंपावत/लोहाघाट। जिला मुख्यालय एवं आसपास के क्षेत्र में हुई झमाझम वर्षा के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली है। साथ ही आसमान की ओर टकटकी लगाए किसानों के चेहरे खिल गए। लंबे समय से वर्षा न होने से किसानों की फसलें सूखती जा रही थी, वहीं किसान अपनी सब्जियों की नर्सरियां खेतों में नहीं फैला पा रहे थे। वर्षा होने से किसानों ने राहत की सांस ली है।
लोहाघाट में एडीओ उद्यान भूपेंद्र प्रकाश जोशी का कहना है कि यह वर्षा किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। यह वर्षा किसानों की ओर से लगाए गई शिमला मिर्च, बैगन, बंदगोभी, हरी मिर्च, आलू की खेती के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। वर्षा के बाद पौधों की बढ़त तेज होगी, वहीं गर्मी से झुलसे सब्जी पौधों में नई जान आएगी। एडीओ जोशी ने बताया कि वर्षा के बाद खेतों में नमी हो गई है, जिन काश्तकारों ने अपनी सब्जी नर्सरी को खेतों में नहीं फैलाया है, वह खेतों में सब्जी पौधों को लगा सकते हैं।