पूर्णागिरि मार्ग में बाटनागाड़ में आया मलवा हटवाती लोनिवि की टीम।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। बुधवार की रात हुई मूसलाधार बारिश ने चूका क्षेत्र की पोथ ग्राम पंचायत के लोडियाल सेरा में तबाही मचाई। बरसाती नाले से आए मलबे से जहां किसानों की फसल चौपट हो गई वहीं मलबा डंप होने से खेतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। नाले का पानी और मलबा घरों में घुसने से कई परिवारों का घरेलू सामान बरबाद हो गया। ग्राम प्रधान ने प्रशासन को क्षति की रिपोर्ट भेजते हुए प्रभावितों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों के मुताबिक लधिया में आसपास के क्षेत्र में हुए अवैध खनन से यह समस्या पैदा हुई है। उन्होंने बरसाती नाले का रुख रोकने के लिए जल्द सुरक्षा उपाय किए जाने की गुहार लगाई है।
पोथ ग्राम पंचायत के लोडियालसेरा में बारिश ने दूसरी बार तबाही मचाई है। ग्राम प्रधान सचिन ने बताया कि क्षेत्र में बुधवार की रात को करीब चार घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने खूब तबाही मचाई। नाले के पानी व मलबे से बालम सिंह और नवीन राम का घर के अंदर रखा हजारों रुपये का सामान बरबाद हुआ है। कई किसानों के खेतों में मलवा भरने से जहां फसल तबाह हुई है वहीं खेतों को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि इस सीजन में इससे पहले हुई बारिश में भी बरसाती नाले ने खासी तबाही मचाई थी। उन्होंने प्रशासन से क्षति का आंकलन कर प्रभावितों को उचित मुआवजा दिए जाने के साथ ही बरसाती नाले से हो रही तबाही रोकने को जल्द सुरक्षा उपाय किए जाने की गुहार लगाई है। ग्राम प्रधान ने कहा कि आबादी की ओर मुड़े नाले का रुख नहीं रोका गया तो मानसूनी बारिश में भारी तबाही मच सकती है। इधर पीएलवी (पैरा लीगल वॉलिंटर) अजय गुरूरानी ने भी प्रशासन को रिपोर्ट सौंप कर प्रभावितों को आर्थिक सहायता देने और सुरक्षात्मक उपाय किए जाने का आग्रह किया है। इधर पहाड़ों में हुई बारिश से बनबसा में शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। करीब सायं पांच बजे नदी का जल स्तर बढ़कर 31385 क्यूसेक पहुंच गया। जबकि दो बजे नदी का जलस्तर 19946 व तीन बजे 28525 क्यूसेक हो गया था।
मलबा आने से नौ घंटे बाधित रहा पूर्णागिरि मार्ग
टनकपुर (चंपावत)। बुधवार की रात हुई मूसलाधार बारिश से मां पूर्णागिरि धाम मार्ग नौ घंटे तक बंद रहा। बारिश से बाटनागाड़ में करीब पचास मीटर सड़क पहाड़ से आए मलबे और भारी-भरकम पत्थरों से पट गई। इससे पूर्णागिरि धाम और टनकपुर शहर का सड़क संपर्क कटा रहा। जरूरी काम के लिए पूर्णागिरि धाम क्षेत्र के लोग टनकपुर नहीं आ पाए। सूचना पर लोनिवि की टीम ने जेसीबी मशीन से मलबा हटाकर मार्ग खोला। लोनिवि के एई एपीएस बिष्ट ने बताया कि सुबह पांच बजे से बंद पड़ा मार्ग दोपहर करीब दो बजे खुल पाया। (संवाद)