टनकपुर रेलवे स्टेशन का तैयार हो रहा गुंबदनुमा नया भवन।
- फोटो : TANAKPUR
करीब डेढ़ माह बाद टनकपुर का रेलवे स्टेशन नए रूप में नजर आएगा। रेलवे स्टेशन का गुंबदनुमा भवन यात्रियों को धार्मिक नगर में पहुंचने का अहसास कराएगा। युद्धस्तर पर चल रहे भवन जीर्णोद्धार का कार्य अंतिम चरण में है। नवंबर के अंत तक जीर्णोद्धार का कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
दो वर्ष पूर्व बड़ी रेल लाइन सेवा से जुड़ने के बाद रेलवे ने काली कुमाऊं के अंतिम रेल हेड स्टेशन टनकपुर के जीर्णोद्धार का कार्य भी शुरू किया है। करीब एक करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से स्टेशन के भवन को गुंबदनुमा बनाने के साथ ही स्टेशन परिसर को भी नया रूप दिया जा रहा है। पूर्व में मार्च अंत तक जीर्णोद्धार का काम पूरा किया जाना था लेकिन तय समय पर काम पूरा नहीं होने के बाद रेलवे ने ठेकेदार कंपनी को और समय दिया है।
स्टेशन भवन की छत पर मंदिर की तरह तीन गुंबद बनाए जा रहे हैं ताकि टनकपुर पहुंचते ही यात्रियों को धार्मिक नगरी होने का अहसास हो सके। इसके अलावा स्टेशन प्रांगण का सौंदर्यीकरण भी तेजी से हो रहा है। स्टेशन अधीक्षक डीएस दरियाल ने बताया कि भवन जीर्णोद्धार का काम नवंबर के अंत तक कार्य पूरा हो जाएगा।